मौसम विज्ञान विभाग के कार्यालय ने बताया कि ‘अम्फान’ के सुंदरवन पहुंचने के बाद उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ने और इसके पूर्वी सिरे के कोलकाता के निकट से गुजरने की संभावना है जिससे शहर के निचले इलाकों में भारी नुकसान होने और बाढ़ आने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान के रूप में पश्चिम बंगाल के नादिया और मुर्शिदाबाद जिलों से गुजरने की संभावना है और इसके बाद यह बृहस्पतिवार दोपहर बाद बांग्लादेश में गहरे दबाव के रूप में पहुंचेगा।
उसने बताया कि केंद्र के आस-पास हवाओं की गति लगातार 170 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रही, जिन्होंने बीच-बीच में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अम्फान’ के उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ने और बुधवार की दोपहर से शाम तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में सुंदरवन के निकट पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों के बीच दीघा और हटिया द्वीप के बीच से गुजरने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति निरंतर 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रहेगी, जो बीच-बीच में 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
आईएमडी भुवनेश्वर के निदेशक ने कहा कि तूफान की लैंडफॉल प्रक्रिया 2.30 बजे से शुरू हो गई और यह करीब चार घंटे तक जारी रहेगी।