1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी: लॉकडाउन के बीच ग्रामीणों ने कोटेदार पर लगाया आरोप, नहीं मिल रहा राशन

अमेठी: लॉकडाउन के बीच ग्रामीणों ने कोटेदार पर लगाया आरोप, नहीं मिल रहा राशन

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अमेठी: लॉकडाउन के बीच ग्रामीणों ने कोटेदार पर लगाया आरोप, नहीं मिल रहा राशन

कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए पूरा देश 21 दिन के लिए लॉकडाउन है, ऐसे में गरीब तबके के लोगों के लिए रोटी जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गई है। सूबे में गरीब तबके के लोगों के लिए योगी सरकार ने मुफ्त राशन देने की भी सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है। लेकिन अमेठी जिले के हरदोइया गांव में अब कई लोगों को इस बात की दिक्कत है कि राशन वितरक द्वारा उन्हें दो महीने से राशन नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को गांव में जमकर हंगामा किया।

ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन न देने का लगाया आरोप

ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाया कि उन्हें फरवरी और मार्च माह में राशन नहीं दिया गया और हम लोग बहुत मजबूरी में हैं। कोटेदार कहते हैं कि हम राशन देंगे लेकिन नहीं दिए। एक महीने का राशन नहीं दिए तो जनता ने माफ कर दिया कि सुधर जाएंगे लेकिन ये सुधरे नहीं। ये राशन नहीं देते, गाँव वालों को बहुत दिक्कत है।

फरवरी में आधे गांव और मार्च में बिल्कुल नहीं दिया गया राशन- ग्राम प्रधान

हरदोइया गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनीराम ने बताया कि हमारे गाँव में फरवरी माह में आधे गांव को राशन दिया गया लेकिन आधे गांव को नहीं दिया गया और मार्च माह में बिल्कुल राशन नहीं दिया गया। जिसको लेकर हम लोगों ने जिले के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।

मार्च में 327 राशन कार्ड धारकों को राशन दिया गया है- कोटेदार

हरदोइया गांव के कोटेदार राम मनोहर ने बताया कि कुल 267 पात्र गृहस्ती और 97 अंत्योदय कार्डधारक है, फरवरी माह में 15-20 राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं मिला है और मार्च में 327 राशन कार्ड धारकों को राशन दिया गया है। 40 कार्ड धारक बाकी रह रहे है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...