पीएम मोदी की अध्यक्षता में संसद के आगामी बजट सत्र के मद्देनजर 30 जनवरी को बुलाई गी सर्वदलीय बैठक होगी, जिसमें सरकार सत्र संबंधी कामकाज से सभी दलों को अवगत कराएगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये होगी। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को यह जानकारी दी है।
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि सर्वदलीय बैठक 30 जनवरी को होगी, जिसमें सरकार विधायी कामकाज की रूपरेखा पेश करेगी और विपक्ष के सुझावों को भी सुनेगी। इस बैठक की सूचना सभी दल को दे दी गई है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, थवारचंद गहलोत, पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी, अर्जुन मेघवाल और वी मुरलीधरन भी मौजूद रहेंगे। सर्वदलीय बैठक के अलावा NDA दल की बैठक भी 30 जनवरी को ही होगी।
आप को बता दें कि यह बजट सत्र 29 जनवरी से शुरू होगा और दो हिस्सों में 8 अप्रैल तक चलेगा। पहला सत्र 29 जनवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी तक चलेगा। वहीं दूसरा सत्र 8 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 जनवरी को सुबह 11 बजे संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। केंद्रीय बजट 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा।
संसद की स्थायी समिति को विभिन्न मंत्रालयों/विभागों की अनुदान की मांगों पर विचार करना सुगम बनाने के लिए 15 फरवरी को सत्र का पहला चरण स्थगित कर दिया जाएगा और 8 मार्च से दूसरे चरण की बैठक शुरू होगी।
बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण के चलते संसद का शीतकालीन सत्र नहीं बुलाया गया था। सरकार ने कहा था कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण इस बार संसद के शीतकालीन सत्र का आयोजन नहीं होगा। इस पर विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार किसानों के विरोध प्रदर्शन एवं अन्य मुद्दों पर चर्चा करने से भाग रही है।