रिपोर्ट: सत्यम दुबे
मुंबई: कोरोना महामारी एक बार फिर अपने दूसरे लहर के साथ देश में वापसी कर चुका है। दूसरे लहर में सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिला है। महाराष्ट्र की उद्धव सरकार महामारी को मात देने के लिए सख्ती बरत रही है। पिछले 24 घंटे के ऑकड़े को देखें तो 16,620 नए मामले सामने आए हैं।
पिछले 24 घंटे में जो नया मामला दर्ज हुआ है, वह इस साल का एक दिन में सबसे ज्यादा मामला हैं। जबकि महाराष्ट्र में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 23 लाख 14 हजार के पार पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण 50 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसी के साथ राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 52,861 हो गई।
पुणे की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 3,267 नये मामले सामने आये हैं। जिससे वहां हड़कंप मच गया है। जबकि 25 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में भी कोरोना के 1023 नए मरीज मिले। तेजी से बढ़ रहे आंकड़ों को देखते हुए यहां अस्पतालों में बेड बढ़ाने के निर्देश दे दिए गए हैं। इससे पहले महाराष्ट्र में लगातार 2 दिन कोरोना के 15 हजार से ज्यादा केस आए थे और अब ये आंकड़ा बढ़कर 16 हजार के पार पहुंच गया है।
नागपुर में मंगलवार को पूरी तरह से लॉकडाउन लगा दिया गया है। आपको बता दें कि ‘सख्त लॉकडाउन’ के दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को राहत दी गई है। यहां 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाया गया है। सरकार दावारा जारी गाइडलाइन में निजी कार्यालय बंद रहेंगे जबकि सरकारी दफ्तरों में 25 प्रतिशत कर्मियों के साथ कामकाज होगा। जरूरी सामानों की आपूर्ति करने वाली दुकानें खुली रहेंगी। इसके साथ ही शराब केवल ऑनलाइन ही खरीदी जा सकेगी।
वहीं ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो रविवार को राज्य में कोरोना को 8,861 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए। इसके साथ ही राज्य में अब तक कोरोना महामारी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 21.34 लाख के पार हो गई। महाराष्ट्र में रिकवरी रेट की बात करें तो यहां रिकवरी रेट 92.21 फीसदी है, वहीं मृत्यु दर 2.28 फीसदी है।