1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. कृषि कानून विरोध प्रदर्शन: प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए

कृषि कानून विरोध प्रदर्शन: प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कृषि कानून विरोध प्रदर्शन: प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए

पंजाब से चले किसानों का काफिला अब दिल्ली पहुंच चुका है। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली आने की जिद में अड़े किसानों को दिल्ली के बुराड़ी स्थित निरंकारी समागम ग्राउंड विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति तो मिल गयी है।

लेकिन इसके बावजूद किसान सिंघु बॉर्डर पर जमे हुए हैं। किसानों का कहना है कि वो अपने बाकी किसान साथियों का इंतजार कर रहे हैं। जबकि इधर दिल्ली सरकार ने किसानो के आंदोलन के लिए उनके खाने पीने और रहने का बंदोबस्त किया है, पर इसके बावजूद अब किसान निरंकारी मैदान में जाकर प्रदर्शन करने से मना कर रहे हैं।

उनका कहना है कि वो रामलीला मैदान या फिर जंतर मंतर पर बैठना चाहते हैं। आज आठ बजे किसान नेताओं की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय कि जायेगी साथ ही यह फैसला भी होगा किसान सिंधु बॉर्डर पर आंदोलन करेंगे या फिर निरंकारी समागम मैदान जायेंगे।

इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चार फोटो शेयर करते हुए लिखा भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए
जब भाजपा के खरबपति मित्र दिल्ली आते हैं तो उनके लिए लाल कालीन डाली जाती है। मगर किसानों के लिए दिल्ली आने के रास्ते खोदे जा रहे हैं। दिल्ली किसानों के खिलाफ कानून बनाए वह ठीक, मगर सरकार को अपनी बात सुनाने किसान दिल्ली आए तो वह गलत?

भारतीय किसान यूनियन (डकौंदा) के अध्यक्ष बूटा सिंह बर्जगिल ने बताया, ‘कई किसान नेता अब भी दिल्ली के रास्ते में हैं। हम आज बैठक करेंगे और आगे के कदमों के बारे में फैसला लेंगे।’

फिलहाल सिंघु बॉर्डर पर किसानों की मीटिंग चल रही है, इसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तय होगी। इस बीच कृषि कानूनों के विरोध में दिल्‍ली मार्च कर रहे किसानों से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों से आंदोलन खत्‍म करने की अपील की है। तोमर ने आंदोलनरत किसानों को 3 सिदंबर को बातचीत का प्रस्‍ताव दिया है।

वहीं, क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने बताया कि वे बुराड़ी जाने के पक्ष में हैं क्योंकि उन्होंने ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया था। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रदर्शन का लक्ष्य दिल्ली पहुंचना और केंद्र सरकार पर इन तीन कृषि कानूनों को लेकर दबाव बनाना है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...