महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर के मौजूदा विधायक भारत भालके का शुक्रवार देर रात पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में निधन हो गया। भारत भालके कुछ समय से कोरोना संक्रमित थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने शुक्रवार देर रात पुणे के रुबी हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान ही विधायक को निमोनिया हो गया था, जिसके बाद उनकी हालत और भी ज्यादा बिगड़ने लगी थी।
डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए थे लेकिन देर रात करीब 12 बजे उनका निधन हो गया। महाराष्ट्र में कई बड़े नेताओं ने कोरोना महामारी को मात दी है। सबको उम्मीद थी कि वे भी कोरोना को हराकर वापस आ जाएंगे। शरद पवार भी उनसे मिलने के लिए शुक्रवार को अस्पताल गए थे।
कोरोना वायरस का संक्रमण देश में तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बाद अब एनसीपी के विधायक भारत भालके का भी कोरोना के चलते निधन हो गया।
भारत भालके को जायंट किलर के नाम से महाराष्ट्र की राजनीति में जाने जाते थे।
उन्होंने साल 2009 में तब के डिप्टी सीएम रहे विजय सिंह मोहिते पाटिल को पंढरपुर सीट से हराकर सबको चौंका दिया था। साल 2014 में वे कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे। इसके अलावा साल 2019 में वे एनसीपी के टिकट पर तीसरी बार विधानसभा में पहुँचे थे।