मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पटाखा गोदामों और फायरवर्क्स दुकानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त नजर आया। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने एसडीओपी सुनील लाटा के साथ शहर में संचालित लाइसेंसी पटाखा गोदामों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखों के भंडारण की स्थिति, सुरक्षा मानकों के पालन और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की विस्तार से जांच की। इस दौरान सभी लाइसेंस, अनुमति पत्रों और संबंधित दस्तावेजों की वैधता को भी परखा गया।
टीम ने मौके पर मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति और उनकी कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। साथ ही विद्युत व्यवस्था की भी जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार की शॉर्ट सर्किट या आग लगने की संभावना को रोका जा सके।
एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने निर्देश दिए कि सभी पटाखा गोदामों के चारों ओर मजबूत बाउंड्री वॉल होनी चाहिए। इसके अलावा परिसर में सूखी घास और झाड़ियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।