बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता विजय राज छेड़छाड़ के आरोप में महाराष्ट्र के गोंदिया में गिरफ्तार हो गए हैं। गोदिंया में विद्या बालन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग चल रही है, विजय राज समेत फिल्म की यूनिट के लोग पिछले 15 दिनों से गोंदिया के गेटवे होटल मे रुके हैं। फिल्म यूनिट की 30 साल की एक महिला ने विजय राज के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई है।
महिला का आरोप है कि मध्य प्रदेश के बालाघाट में शूटिंग के दौरान और गोंदिया में होटल में विजय राज ने उनके साथ बदसलूकी की। गोंदिया के रामनगर पुलिसथाने में IPC की धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है। रामनगर पुलिस ने बीती रात विजय राज को गिरफ्तार किया है और आरोपों की जांच कर रही है। विजय राज ने ‘भोपाल एक्सप्रेस’, ‘रघु रोमिया’, ‘रन’ और ‘गुलाबो सिताबो’ समेत कई फिल्मों में काम किया है।
57 साल के अभिनेता विजय राज फिल्म ‘रन’ में अपने कौवा बिरयानी वाले सीन से काफी फेमस हो गए थे। इसके अलावा भी विजय ने कई यादगार रोल निभाए हैं, जिनमें धमाल, वेलकम, दीवाने हुए पागल, रघु रोमियो, मुंबई टू गोवा, गली बॉय, ए सुटेबल बॉय जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं।