दतियाः लिटिल फ्लावर इंटरनेशनल स्कूल में अचीवर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वी के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम विद्यालय के अरविंदो हॉल में आकर्षक सजावट के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं परिचय से हुई, जिसके पश्चात मां सरस्वती के समक्ष विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के फाउंडर मेंबर्स श्रीमती मंजीत कौर एवं फतेह सिंह जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निधि शंकर मिश्रा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 86 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। 17 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 25 छात्रों ने 80 से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
आराध्य श्रीवास्तव ने शानदार 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया और समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया, वहीं विद्यालय के समर्पित शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डायरेक्टर जतिंदर सिंह ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में छात्रों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा भी की गई, जिससे छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिल सके। समारोह के दौरान केक काटकर कर इस सफलता का जश्न मनाया गया। अभिभावकों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का भी समुचित विकास कर रहा है। वहीं छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया।
दतिया से संवाददाता विनोद कुशवाह की रिपोर्ट