खंडवा में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर बंगले के सामने विकसित नगर वन में बड़े स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, महापौर अमृता अमर यादव और विधायक कंचन मुकेश तंवे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
स्कूलों के छात्र-छात्राओं और प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को स्वच्छ व हरित बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
प्रशासन ने बताया कि जिले में लगातार पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि क्षेत्र को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सके।