पन्ना। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद सोमवती अमावस्या के अवसर पर पन्ना नगर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही नगर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति भाव से सराबोर हो गया। विशेष रूप से भगवान जुगल किशोर मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
मंदिर के पट खुलने से पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। दिनभर मंदिर परिसर “जुगल किशोर भगवान की जय” और “मुरलिया वाले की जय” के जयघोष से गूंजता रहा। सुबह की आरती से लेकर शाम तक दर्शन का सिलसिला लगातार जारी रहा और हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर महिलाओं ने बरगद, पीपल और तुलसी के वृक्षों की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान सौभाग्य सामग्री, फल और पूजन सामग्री अर्पित कर श्रद्धालुओं ने 108 परिक्रमा पूर्ण कर धार्मिक परंपराओं का पालन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं की सामूहिक परिक्रमा से मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव का भी विशेष आयोजन किया गया। कड़ा लस्सी और चिरौंजी सेठ के सहयोग से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मंदिर परिसर में आम पना का वितरण किया गया, जिससे दर्शनार्थियों को गर्मी से राहत मिली और सेवा कार्य की सराहना की गई।