भोपाल में बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों को लेकर ‘मूवमेंट अगेंस्ट अनप्लॉयमेंट’ संगठन ने प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े युवाओं ने सरकार से रोजगार से जुड़े मामलों में तेजी से कदम उठाने और युवाओं की समस्याओं के समाधान की मांग की।
राजधानी में आयोजित प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधि मनोज रजक ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के मामलों में अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा व्यवस्था में युवाओं का भरोसा बना रहे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को जल्द भरने की मांग उठाई। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण बड़ी संख्या में युवा प्रभावित हो रहे हैं और समय पर रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

संगठन ने सरकार से युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग छात्रों की परीक्षाएं समय पर कराने सहित युवाओं से जुड़े कई अन्य मुद्दे उठाए गए। संगठन ने सरकार के सामने 14 से 15 सूत्रीय मांगें रखीं और कहा कि इन समस्याओं का समाधान युवाओं के भविष्य के लिए जरूरी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है।