रिपोर्ट: नंदनी तोदी
अयोध्या: उत्तर प्रदेश सरकार भारत की संस्कृती को बनाए रखने के लिए हर सम्भव कोशिश कर रही है। चाहे वो कुंभ स्नान के लिए किया गया कार्य हो या अयोध्या राम मंदिर के लिए। आपको बता दें कि इन्हीं सब कार्यों के बाद योगी सरकार ने एक और बड़ा ऐलान किया है। जिससे एक बार फिर यूपी का सीना गर्व से चौड़ा हो जायेगा।
दरअसल, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के बाद अब इस शहर को धार्मिक नगरी बनाने की तैयारी हो रही है। ऐसा इसीलिए क्योंकि अब इस नगरी में एक ऐसे विश्वविद्यालय का निर्माण होने जा रहा है, जिसमें भगवान राम की जीवन शैली, विचार, संस्कृति और हिंदू धर्म के बारे में कई चीजें न सिर्फ सिलेबस में होंगी बल्कि इन्हीं विषयों पर बड़े स्तर पर रिसर्च भी की जाएगी।
आपको बता दें कि, अयोध्या में योगी सरकार, श्रीराम यूनिवर्सिटी बनाने जा रही है, जिसे लेकर निजी क्षेत्रों से प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। इतना ही नहीं ये विश्वविद्यालय श्रीराम पर शोध करने वाला सबसे बड़ा केंद्र बनेगा।
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने अयोध्या में कहा,”जब हम ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का नारा लगाते थे तो लोग हमारा मजाक उड़ाते थे, अब राम मंदिर बनाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है और अयोध्या भी बन रही है। अयोध्या हमारे लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। अयोध्या की विरासत प्राचीन है।”
उन्होंने कहा कि,” अयोध्या की लोक संस्कृति का प्रभाव पूरे देश में देखने को मिलता है, अयोध्या की विरासत को बरकरार रखने हुए योगी सरकार अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर की नगरी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, सड़कें आदि बनाई जा रही हैं।”
डिप्टी सीएम ने कहा शिक्षा मंत्री के नाते भगवान से यही प्रार्थना करने आया हूं कि यहां जल्द श्रीराम यूनिवर्सिटी की स्थापना हो, भगवान ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें जो धर्म के प्रति अनास्था रखते हुए आलोचना का भाव रखते हैं और मंदिर निर्माण की परिकल्पनाओं में बाधा बनने का कार्य करते हैं।”