नोएडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस की नीति से सूबे में अपराधियों के हौसले टूटे हुए हैं। कोई भी अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने से पहले सौ बार सोच रहा है। यूपी पुलिस अपराधियों पर कहर बनकर टूट रही है। इसी कड़ी में बुधवार रात नोएडा कमिश्नरेट की सेक्टर 24 थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोच लिया।
मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। पुलिस की मानें तो सेक्टर 35 के टी प्वॉइंट के पास कुछ बदमाशों के आने की जानकारी मिली। इस पर वहां उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। कुछ देर में एक सेंट्रो कार आती दिखी। उसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस पर कार से उतरकर फायरिंग करते हुए बदमाश भागने लगे। भागते हुए 2 बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए। उनके साथी दोनों बदमाश भागने की कोशिश में छिप गए। पुलिस टीम ने इस पर कॉम्बिंग शुरू की। कॉम्बिंग में 2 और बदमाश पकड़े गए। इनके पास से सेंट्रो कार, तमंचा, कारतूस और अन्य हथियार मिले हैं। सभी गिरफ्तार शातिर बदमाश बताए जा रहे हैं।
बात करें सूबे में योगी सरकार के जीरो टॉलरेंस की नीति की तो बदमाशों के खिलाफ एक्टिव हुई पुलिस ने अब तक 139 बदमाशों को मुठभेड़ में ढ़ेर किया है। वहीं 3196 बदमाश घायल हुए हैं। जबकि बदमाशों को पकड़ने की 2017 से शुरू हुई मुहिम में पुलिस के 13 जवानों को शहीद हुए। वहीं, 1122 पुलिसकर्मी घायल हुए।