रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: योगी सरकार BJP के संकल्प पत्र का एक और वादा निभाने जा रही है। सरकार स्लम पुनर्विकास योजना के अंतर्गत मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए पक्के मकान बनाकर देने जा रही है। इसके साथ ही सरकार की तरफ से अन्य जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। सीएम योगी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
आपको बता दें कि इसके लिए उत्तर प्रदेश स्लम एरिया (सुधार एवं उन्मूलन) अधिनियम 1962 में संशोधन संबंधी प्रारूप को मंजूरी दी गई। अब इसे विधानमंडल में रखा जाएगा। मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगो को बेहतर सुविधा मिले इसके लिए केंद्र सरकार ने स्लम पुनर्विकास योजना की शुरुआत की है।
योगी सरकार इस योजना के तहत काम करने जा रही है, लेकिन अधिनियम में व्यवस्था न होने की वजह से योजना लागू करने में बाधा आ रही थी। इसीलिए अधिनियम में संशोधन संबंधी प्रारूप को मंजूरी के लिए नगर विकास विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष रखा गया।
कैबिनेट के इस फैसले के बाद स्लम पुनर्विकास परियोजनाओं और भागीदारी में किफायती आवास परियोजनाओं में जल, सफाई, सीवरेज, सड़क, बिजली इत्यादि जैसी बुनियादी सुविधाएं मलिन बस्ती में रहने वालों को मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई मुद्दो पर मुहर लगी है।