रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे की कुर्सी संभालते ही ऐलान किया था, कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रदेश के 23 करोड़ जनता की सुरक्षा पर होगी। गुंडाराज,माफियाराज, भूमाफिया को खत्म करने के लिए योगी सरकार का बुलडोजर गुंडे, माफिया, भूमाफिया पर ऐसे चल रहा है, जैसे चलना चाहिए। ये बातें हम नहीं कह रहे हैं बल्कि इस बात को सीएम योगी ने कहा है। इन सब कार्रवाई के साथ सीएम योगी ने सुरक्षा को लेकर एक और बड़ा कदम उठाया है।
आपको बता दें कि योगी सरकार ने अब प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए सूबे में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) कमांडो सेंटर बनाने का फैसला किया है। सरकार कमांडो सेंटर पश्चिमी यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद में बना रही है। इसके लिए दो हजार वर्ग मीटर जमीन भी सरकार ने अलॉट कर दी है।
आपको बता दें कि योगी सरकार के इस फैसले पर समाजवादी पार्टी ने बड़ा आरोप लगा दिया। सपा के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुसलमानों को डराने की कोशिश कर रही है।
वहीं यूपी पुलिस के ADG लॉ एण्ड ऑर्डर प्रशान्त कुमार ने कहा कि यूपी में एटीएस को और मजबूत करने के लिए मेरठ, इंडो नेपाल बॉर्डर बहराईच, श्रावस्ती, जेवर एयरपोर्ट और देवबंद में नई यूनिट बनने जा रही है। यूपी सरकार ने देवबंद में 2000 हजार वर्ग मीटर जमीन भी एटीएस को ट्रांसफर कर दी गई है। देवबंद उत्तराखंड और हरियाणा की सीमा के करीब होने की वजह से भी एटीएस की यह यूनिट बेहद अहम है। एडीजी ने कहा कि पश्चिम यूपी में हम अपने डेप्थ और मौजूदगी के अलावा ऑपरेशनल क्षमता को बढ़ाने में कामयाब होंगे।
जबकि समाजवादी पार्टी ने देवबंद में ATS कमांडो सेंटर बनाए जाने की कड़ी आलोचना की है। सपा के विधायक दल के नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि देवबंद में इस्लामिक शिक्षा का एक बड़ा केंद्र है, जो पूरी दुनिया में धार्मिक और सामाजिक शिक्षा के लिए जाना जाता है। ऐसे में देवबंद में एटीएस सेंटर खोलकर यूपी सरकार सिर्फ मुसलमानों को डराने की कोशिश है, क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनकी तादाद ज्यादा है। इसलिए यह किया जा रहा है जबकि ATS और STF का दफ्तर लखनऊ में है तो लखनऊ में कमांडो सेंटर क्यों नहीं है?
मुख्यमंत्री योगी के मीडिया सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी ने ट्वीट कर कहा कि तालीबान की बर्बरता के बीच यूपी की योगी सरकार ने तत्काल प्रभाव से ‘देवबंद’ में एटीएस कमांडो सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। प्रदेश भर से चुने हुए करीब डेढ़ दर्जन तेज तर्रार एटीएस अफसरों की यहां तैनाती होगी। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देवबंद में यूपी एटीएस की यूनिट अभी खुली भी नहीं कि इसी बीच आतंकियों के पैरोकारों और उनके मुकदमे वापस लेने वालों के पेट में भीषण दर्द शुरू हो गया है।
सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि हमारे सहारनपुर जिले के देवबंद में एटीएस की यूनिट को अपग्रेडेशन के लिए काम किया जा रहा है। हिंदुस्तान के नियम और कानून संविधान और पुलिस के ग्रेडेशन के लिए बनते रहते हैं, कुछ लोग क्या कहते हैं क्या करते हैं, हमें मतलब नहीं है। उन्होने आगे कहा कि देबवंद में एटीएस कामंडो सेंटर खोला जा रहा है अच्छी बात है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस के काम का श्रेय ना लें।