1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP सरकार कुश्ती समेंत गोद लेगी दो खेल, CM योगी ने किया ऐलान

UP सरकार कुश्ती समेंत गोद लेगी दो खेल, CM योगी ने किया ऐलान

यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार कुश्ती समेत दो खेलों को गोद लेकर आने वाले 10 सालों तक उनकी फंडिंग करेगी। सीएम योगी ने राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
UP सरकार कुश्ती समेंत गोद लेगी दो खेल, CM योगी ने किया ऐलान

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

लखनऊ: यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार कुश्ती समेत दो खेलों को गोद लेकर आने वाले 10 सालों तक उनकी फंडिंग करेगी। सीएम योगी ने राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार दो खेलों को गोद लेकर अगले 10 वर्षों तक उनको फाइनेंस करेगी। इनमें एक खेल कुश्ती होगा और दूसरा खेल खेलकूद विभाग द्वारा चयनित किया जाएगा।

आपको बता दें कि सीएम योगी ने इस दौरान कहा कि, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के हर गांव में एक खेल मैदान के निर्माण पर तेजी से काम कर रही है। मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। प्रदेश सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर एक खेल विश्वविद्यालय स्थापित करेगी। राज्य सरकार लखनऊ में एक कुश्ती अकादमी की भी स्थापना करेगी।’’  सीएम योगी ने आगे बताया कि सरकार खेल कॉलेज में खिलाड़ियों की आहार धनराशि को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की तर्ज पर अब 250 रुपए से बढ़ाकर 375 रुपए प्रति दिन प्रति खिलाड़ी करने जा रही है।

वहीं योगी सरकार ने ओलिंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप में यूपी के विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति प्रदान करने और पुलिस में भी उपाधीक्षक का पद देने के लिए सहमति दे दी है।

सीएम योगी ने कहा कि “कोविड-19 महामारी के बीच हमारे खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और अब तक के हमारे ओलिंपिक इतिहास में भारत को सर्वाधिक पदक उपलब्ध कराने में जो योगदान दिया वह अविस्मरणीय है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि भारत ने टोक्यो ओलिंपिक के 18 खेलों में हिस्सा लेते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य समेत कुल सात पदक प्राप्त किए हैं। यूपी से भी 10 खिलाड़ियों ने भी इन खेलों में हिस्सा लिया।’’

आपको बता दें कि योगी सरकार ओलिंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं को चार करोड़, कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपए और टीम खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर तीन करोड़, रजत पदक पर दो करोड़ और कांस्य पदक पर एक करोड़ रुपए पुरस्कार स्वरूप उपलब्ध कराती है।

इसपर सीएम योगी ने कहा कि, ‘‘लेकिन भारत के खिलाड़ी देश के लिए खेले हैं। हम सब एक भारत श्रेष्ठ भारत के अभिन्न अंग है और इसीलिए हम लोगों ने अपनी इस नैतिक जवाबदेही का परिचय देते ही यह तय किया कि हम लोग स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले देश के किसी भी खिलाड़ी को सम्मान स्वरूप दो करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को डेढ़ करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेता को एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान करेंगे और आज यह राशि यहां पर इन सभी खिलाड़ियों को प्रदान की गई।’

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...