रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सूबे के लोगो को एक के बाद एक सौगात दे रहें हैं। इसी कड़ी में CM योगी रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा देने वाले हैं। सरकार महिलाओं को तोहफे के तौर पर रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा की सौगात देने जा रही है। सरकार की यह सुविधा 21 अगस्त की रात 12 बजे से 22 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक निगम की सभी श्रेणी की बसों में मिलेगी। CM योगी के निर्देश पर परिवहन विभाग आदेश जारी करने में जुट गया है।
इसके साथ ही CM योगी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश पुलिस को गश्त तेज करने के भी आदेश दिए है। सरकार की तरफ से पुलिस से यह भी देखने को कहा है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और कोरोना महामारी के सभी प्रॉटोकॉल की सख्ती से पालन करें।
वहीं CM योगी की तरफ से रक्षाबंधन के मौके पर मिशन शक्ति का तीसरा चरण शुरू किया जा रहा है। जिसको देखते हुए सरकार ने भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की सभी बहनों को परिवहन निगम की बसों में आने-जाने की मुफ्त सुविधा प्रदान की है। आपको बता दें कि सरकार की ओर से पिछले वर्ष भी यह सुविधा प्रदान की गई थी, जिसका लाभ करीब साढ़े तीन लाख बहनों ने उठाया था।
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए सरकार ने रविवार को मिठाई और राखी की दुकानें खोलने की मंजूरी दी है। साथ ही सरकार की तरफ से हिदायत दी गई है कि सभी को घरों में रहकर ही रक्षाबंधन का त्योहार मनायें। मौजूदा वक्त में हर शनिवार-रविवार को सूबे में पूर्ण लॉकडाउन रहता है। इन दिनों तमाम बाजार और सेवाएं बंद रहती हैं। जिसमें सरकार की ओर से राहत दी गई है।
आपको बता दें कि योगी सरकार निशुल्क बस सेवा के साथ और भी कई सारे तोहफे देने की तैयारी कर रही हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी महिला पुलिसकर्मियों को बीट पुलिस अधिकारी के पद पर तैनाती का तोहफा देंगे। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए सभी जिलों में बालवाड़ी का तोहफा भी होगा।