1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कुकिंग प्रतियोगिता, महिला समूहों ने जीते पुरस्कार

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कुकिंग प्रतियोगिता, महिला समूहों ने जीते पुरस्कार

टीकमगढ़ जिले के पलेरा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कुक कम हेल्परों की कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों को पुरस्कृत किया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कुकिंग प्रतियोगिता, महिला समूहों ने जीते पुरस्कार

पलेरा (टीकमगढ़): भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत पलेरा में कुक कम हेल्परों की कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना तथा बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के लिए रसोइयों को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खरगापुर विधायक चंदारानी सुरेंद्र सिंह गौर उपस्थित रहीं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा, सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक, जनपद पंचायत सीईओ अरविंद वोरकर, जनपद शिक्षा केंद्र प्रमुख पुष्पेंद्र पाठक सहित जन शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए अनिल कुमार मिश्रा ने विभिन्न जनशिक्षा केंद्रों से आए कुक कम हेल्परों और महिला स्व-सहायता समूहों का स्वागत किया तथा निर्णायक समिति से तैयार किए गए व्यंजनों का परीक्षण करने का आग्रह किया।भोजन की गुणवत्ता और स्वाद का हुआ परीक्षण प्रतियोगिता में विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को परोसे जाने वाले विविध व्यंजन तैयार किए गए। चयन समिति ने भोजन की गुणवत्ता, पोषण मूल्य, स्वाद और निर्धारित मेन्यू के आधार पर व्यंजनों का मूल्यांकन किया।

इन समूहों ने जीते पुरस्कार

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों को पुरस्कृत किया गया।

दुर्गावती स्व-सहायता समूह, गुड़ा – प्रथम पुरस्कार (₹5000)
शीतला माता स्व-सहायता समूह, पलेरा – द्वितीय पुरस्कार (₹3000)
सिद्धेश्वर स्व-सहायता समूह, पलेरा – तृतीय पुरस्कार (₹2000)
शारदा माता स्व-सहायता समूह, उदयपुर – चतुर्थ पुरस्कार (₹1000)

पुरस्कार राशि विधायक चंदारानी गौर एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रदान की गई। साथ ही सभी प्रतिभागी समूहों को सहभागिता प्रमाण पत्र देने की घोषणा की गई।

बच्चों के पोषण पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंदारानी सुरेंद्र सिंह गौर ने महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए भोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे उनके स्वास्थ्य और शैक्षणिक विकास में सकारात्मक योगदान मिलता है।उन्होंने महिला समूहों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

महिला सशक्तिकरण का उदाहरण

सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि बच्चों के बेहतर पोषण और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने कहा कि महिला समूहों की भागीदारी से प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना को नई मजबूती मिली है।

आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम के अंत में बीआरसी प्रमुख पुष्पेंद्र पाठक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल कुमार मिश्रा द्वारा किया गया।यह आयोजन बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...