1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. श्योपुर में जमीन विवाद को लेकर BSNL टावर पर चढ़ी महिला, 24 घंटे से जारी हाई वोल्टेज ड्रामा

श्योपुर में जमीन विवाद को लेकर BSNL टावर पर चढ़ी महिला, 24 घंटे से जारी हाई वोल्टेज ड्रामा

श्योपुर के वीरपुर में जमीन सीमांकन विवाद को लेकर रीमा रावत नाम की महिला 50 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई और 24 घंटे से अधिक समय तक वहीं डटी रही। महिला ने चंबल पेयजल परियोजना के तहत हुई प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए नियमानुसार सीमांकन की मांग की। पुलिस और प्रशासन लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।

By: Nivedita 
Updated:
श्योपुर में जमीन विवाद को लेकर BSNL टावर पर चढ़ी महिला, 24 घंटे से जारी हाई वोल्टेज ड्रामा

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के वीरपुर कस्बे में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। रीमा रावत नामक महिला रविवार को एमएस रोड स्थित करीब 50 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई और अपनी जमीन का नियमानुसार सीमांकन कराने की मांग पर अड़ गई। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी महिला टावर से नीचे नहीं उतरी।

जमीन सीमांकन को लेकर प्रशासन से नाराजगी

महिला का कहना है कि वह लंबे समय से संबंधित भूमि पर खेती कर रही है, लेकिन प्रशासन उसकी जमीन का नियमानुसार सीमांकन नहीं करा रहा है। उसने स्पष्ट किया कि जब तक उसे लिखित और ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी।

चंबल पेयजल परियोजना के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में प्रस्तावित चंबल पेयजल परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंची थी। इसी कार्रवाई के दौरान जमीन को लेकर विवाद गहरा गया और विरोध स्वरूप महिला बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि इस विवाद के कारण क्षेत्र की करीब 782 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना भी प्रभावित हो रही है।

 

पुलिस और प्रशासन ने किया समझाने का प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन भी दिया, लेकिन महिला अपनी मांग पर अड़ी रही और टावर से उतरने से इनकार कर दिया।

रातभर नीचे से बेटे ने की मां से उतरने की अपील

घटनास्थल पर महिला का बेटा भी पूरी रात मौजूद रहा और नीचे से लगातार मां को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाता रहा। इसके बावजूद महिला अपनी मांग पूरी होने तक टावर पर ही डटी रही। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

 

रिपोर्ट – जेपी शर्मा

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...