बिहार के सासाराम में बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे अधिक परेशानी अनुमंडल कार्यालय परिसर में देखने को मिली, जहां पानी भर जाने से कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडलाधिकारी सहित कई दंडाधिकारियों के कार्यालय संचालित होते हैं। बारिश के बाद परिसर में पानी जमा होने से लोगों को पानी के बीच होकर कार्यालय तक पहुंचना पड़ा। कई कर्मचारी पानी से बचते हुए अपने कार्यालय पहुंचे, जबकि कुछ लोग जलभराव के बीच ही टेबल-कुर्सी लगाकर काम करते दिखाई दिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में पानी निकासी के लिए पाइप की व्यवस्था होने के बावजूद हर बारिश में जलभराव की समस्या बनी रहती है। इससे सरकारी कामकाज के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो-तीन वर्षों में स्थिति और गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि आसपास की सड़कें ऊंची हो चुकी हैं, जबकि कार्यालय परिसर अपेक्षाकृत नीचे होने के कारण बारिश का पानी वहीं जमा हो जाता है। लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस समस्या से राहत मिल सके।