नई दिल्ली : 19 साल के अपने बेटे से इस कदर दुखी था उसका पिता की, उन्होंने पुलिस को ही फोन कर उसकी सारी करतूत बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि ये मामला ब्राजील के बेंटो गोंकाल्वेस शहर का है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक यह घटना शनिवार की है।

मीडिया के मुताबिक, आरोपी स्क्रैवोनाटो ने अपने पिता को फोन किया था कि उसकी गर्लफ्रेंड जोआना घायल हो गई है। उसे तुरन्त हॉस्पिटल ले जाने की जरूरत है। आरोपी ने दावा किया था कि गर्लफ्रेंड को गली के कुछ अपराधियों ने गोली मार दी थी। बेटे ने पिता को कहानी सुनाई की आरोपी सामान छीन रहे थे इसी दौरान उन्होंने फायरिंग की।

इलाज के दौरान लड़की ने तोड़ा दम
इसके बाद आरोपी स्क्रावोनाटो और उसके पिता लड़की को हॉस्पिटल ले गए। जहां उसने दम तोड़ दिया। 19 साल के आरोपी को तब घर जाने के लिए कह दिया गया। हालांकि कुछ दिनों बाद बेटे की पोल खुल गई। दरअसल, जिस बंदूक से लड़की की हत्या हुई थी, वह लेकर आरोपी बेटा घर आया था। पिता ने उस बंदूक को देख लिया। इसके बाद आरोपी के पिता पुलिस स्टेशन आए और उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने महिला की हत्या की थी।

तब पुलिस आरोपी के घर गई और वहां से हत्या में इस्तेमाल बंदूक जब्त की। अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि गलती से गोली चल गई थी।
पुलिस ने बताया- बहुत सेंसेटिव केस है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस बहुत नाजुक है। एक तरफ लड़की के माता-पिता है। दूसरी तरफ ऐसा पिता है जिसने अपने बेटे की गलतियों पर पर्दा डालने की बजाय कानून का साथ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।