रिपोर्ट: नंदनी तोदी
गोंडा: बलात्कार के आरोप में जेल में बंद आसाराम बापू को जोधपुर न्यायालय की आजीवन कारावास की सज़ा मिलने के बाद भी उनके भक्त उनके लिए गुहार लगा रहे हैं। इतना ही नह उनके भक्तों को बापू पर आज भाी उतना ही विश्वास है। आपको बता दें कि इसी विश्वास को लेकर महिला दिवस के मौके पर आज सभी महिला भक्तों ने उन्हें रिहाई दिलाने के लिए आवाज़ उठाई है। उनका कहना है कि हमारे बापू निर्दोष हैं उन्हें एक गहरी साजिश के तहत फंसाया गया है।

बता दें, महिला दिवस के मौके पर महिला उत्थान मंडल के तत्वावधान में महिलाओं ने जिलाधिकारी के ज़रिये प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा है। इस ज्ञापन में आसाराम बापू के वो कार्य जैसे तुलसी पूजन दिवस, महिला उत्थान मंडल, बाल संस्कार केंद्र, व्यसन मुक्ति अभियान, गरीबों में अनाज एवं मकान वितरण आदि का हवाला दिया गया है और उनकी बड़ी उम्र और बीमारियों का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही यह दावा किया गया है कि आसाराम बापू निर्दोष हैं उन्हें साजिश करके फंसाया गया है। अब आसाराम बापू के रिहा की मांग महिलाएं कर रही हैं।
बता दें कि इससे पहले स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम बापू को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराने के दो दिन बाद गुरुवार को वापस जोधपुर केंद्रीय जेल लाया गया। इससे पहले आसाराम को मंगलवार आधी रात को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और विस्तृत जांच के बाद छुट्टी दे दी गई थी।