1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शाजापुर में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, शोरूम और भाजपा नेता के वाहनों से बैटरियां चोरी

शाजापुर में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, शोरूम और भाजपा नेता के वाहनों से बैटरियां चोरी

शाजापुर के अकोदिया और सलसलाई क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह ने शोरूम और भाजपा नेता के वाहनों से बैटरियां चोरी कर लीं। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

By: Nivedita 
Updated:
शाजापुर में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, शोरूम और भाजपा नेता के वाहनों से बैटरियां चोरी

शाजापुर।  जिले के अकोदिया और सलसलाई क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह की सक्रियता से दहशत का माहौल है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने दो अलग-अलग स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए महंगी बैटरियां और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

शोरूम के बाहर खड़े वाहन से बैटरी चोरी

पहली घटना सलसलाई स्थित देवश्री हीरो शोरूम के बाहर हुई, जहां लोडिंग वाहन (MP42G2817) खड़ा था। शोरूम कर्मचारी नितेश मेवाड़ा के अनुसार, सुबह पहुंचने पर वाहन का बैटरी बॉक्स टूटा मिला और उसमें लगी एक्साइड कंपनी की बैटरी तथा सेंसर बॉक्स गायब था।

भाजपा नेता के डंपर को भी बनाया निशाना

दूसरी वारदात अकोदिया-सारंगपुर रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां भाजपा नेता नरेंद्र यादव के डंपर से बदमाशों ने दो बैटरियां चोरी कर लीं। दोनों मामलों में चोरी गए सामान की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

 

फर्जी नंबर प्लेट का शक, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि आरोपी एक चारपहिया वाहन से पहुंचे थे, जिस पर भोपाल पासिंग नंबर प्लेट लगी हुई थी। हालांकि, वाहन मालिक ने स्पष्ट किया कि उनकी गाड़ी घटना के समय घर पर खड़ी थी, जिससे फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल की आशंका और मजबूत हो गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना के बाद संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की पहचान कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

रिपोर्ट – दिलीप सौराष्ट्रीय 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...