बीएचयू अस्पताल में सोमवार की सुबह बम रखने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। किसी ने 112 पर फोन कर सूचना दी कि बीएचयू अस्पताल में बम है।
सूचना के बाद लंका थाने को मालूम हुआ फिर उच्चाधिकारियों को बताया गया। मौके पर डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता पहुंची और गहनता से जांच की।
इसके बाद सूचना मिलते ही प्राक्टोरियल बोर्ड ने सुरक्षा के सारे कदम उठाते हुए बिजली कनेक्शन लोएस्ट लोड पर कर दिया। साथ ही अस्पताल परिसर में सुरक्षा एजेंसियाें के कर्मी पहुंचे और चप्पे चप्पे की पड़ताल शुरू कर दी।
वहीं अचानक सुरक्षा कर्मियों की बढ़ी मौजूदगी से लोग सहम गए। वहीं अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी भी मरीजों की सुरक्षा को लेकर वैकल्पिक तैयारियों में लगे रहे। पुलिस ने बताया कि बीएचयू कंट्रोल रूम द्वारा लंका पुलिस को सूचना मिली कि बीएचयू अस्पताल में बम रखा गया है।
सूचना मिलते ही तत्काल लंका इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज और भेलूपुर सीओ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते ने भी पहुंचकर जब परिसर जांच शुरू की तो इस दौरान कोई भी संदिग्ध विस्फोटक नहीं मिला।
बीडीएस की चेकिंग जारी है। सूचना देने वाले के नंबर की जाँच कर तलाश की जा रही है। परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है, पुलिस को चौकन्ना कर दिया गया है। जनता पैनिक न हो इसका भी ख्याल रखा गया है।