एटा में सेफ्टी इंजीनियर ने गुरुवार सुबह करीब नौ बजे पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी गोली मारकर जान दे दी। पत्नी के सिर व पेट में दो गोलियां मारीं, जबकि खुद के सीने में गोली मार दी। दोनों की मौके पर मौत हो गई। टीवी और कूलर के शोर में किसी ने फायरिंग की आवाज नहीं सुनी। मकान मालकिन के सुबह आवाज देने पर प्रतिक्रिया नहीं हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ दोनों शव निकाले। एक तमंचा बरामद किया। घटना के पीछे घरेलू कलह सामने आ रहा है। मृतका के भाई ने छह ससुरालीजनों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना रिजोर के गांव इब्राहिमपुर नगरिया निवासी धीरेन्द्र कुमार वशिष्ठ पुत्र सत्यप्रकाश वशिष्ठ और उनकी पत्नी गंगोत्री उर्फ गौरी के साथ मोहल्ला अवंतीबाई नगर में किराये पर रहते थे। धीरेंद्र मलावन स्थित बिजली प्लांट में सेफ्टी इंजीनियर थे। वे छह जून को मोहल्ला अवंतीबाई नगर में सामान रखकर गए थे और कुछ रुपये बतौर एडवांस मकान मालिक राजेश कुमार राजपूत को दे गए थे। पांच दिन पूर्व ही पत्नी के मायके से लौटने पर आकर रहने लगे थे।