देहरादून: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने अपर निदेशक परियोजना को पत्र लिखकर विरोध जताया है। संघ महामंत्री राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा ने पत्र में कहा है कि सर्व शिक्षा के शिक्षकों को सितंबर का वेतन अब तक नहीं मिला है। वित्त नियंत्रक मो.गुलफाम ने बताया कि बजट नहीं आया है।
बहुगुणा ने सरकार से बजट देने की मांग की। इधर, संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा ने शिक्षा सचिव व निदेशक को पत्र लिखकर प्रांतीयकृत जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों को चयन/प्रोन्नत वेतनमान समान रूप से नहीं मिलने का आरोप लगाया।
डीए से रोक हटाने की मांग : उधर, उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन ने सीएम को ज्ञापन भेजकर, कर्मचारियों के चार प्रतिशत डीए पर लगी रोक हटाने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार और महामंत्री पंचम सिंह बिष्ट ने ज्ञापन में कहा कि एक तरफ डीए पर रोक है, दूसरी तरफ अब तक आयुष्मान योजना में कर्मचारी-शिक्षकों के गोल्डन कार्ड भी नहीं बने हैं। इससे अल्पवेतनभोगी कर्मचारी को परेशानी हो रही है। उन्होंने इसके साथ कई अन्य मांगें भी उठाईं।
45 प्रवक्ता काउंसलिंग से गैरहाजिर: प्रोन्नत प्रवक्ता की पोस्टिंग की काउंसलिंग के तीसरे दिन 45 शिक्षक गैरहाजिर रहे। अपर निदेशक रामकृष्ण उनियाल ने बताया कि बुधवार को फिजिक्स, संस्कृत और हिंदी में 188 प्रवक्ता की काउंसलिंग होनी थी। इसमें 143 प्रवक्ता शामिल हुए।