देहरादून: कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाने के बाद अब सरकार ने पूरा बोर्ड भंग कर नया बोर्ड बनाया दिया है। बोर्ड से मंत्री के करीबी पांचों सदस्यों को हटा दिया गया है। हालांकि, नए बोर्ड में दमयंती रावत को सचिव बनाए रखा गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार को कर्मकार कल्याण बोर्ड से कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को हटा दिया था।
रावत के हटते ही बोर्ड के बाकी सदस्यों की भी विदाई हो गई। हालांकि, उनका तीन वर्ष का कार्यकाल रहा। पर, सामान्य प्रक्रिया में एक्सटेंशन दिया जाता रहा है। इस बार बोर्ड के कामकाज को लेकर उठे तमाम विवादों एवं सवालों के बाद सदस्य और अध्यक्ष किसी को एक्सटेंशन नहीं मिला।
हरक को भी हटने के बाद मिली जानकारी: बोर्ड के अध्यक्ष पद से विदाई और नए अध्यक्ष के रूप में शमशेर सिंह सत्याल की नियुक्ति की जानकारी मंत्री हरक सिंह को भी बुधवार सुबह आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के जरिये ही मिली। सूत्रों के अनुसार, इस फैसले में मंत्री हरक सिंह से कोई चर्चा नहीं की गई।
ऐसा होगा नया बोर्ड: नए बोर्ड में एक सदस्य केंद्र सरकार से नामित किया जाएगा। राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में सचिव वित्त, सचिव न्याय, मुख्य निरीक्षक उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य होंगे। बोर्ड का कार्यकाल तीन साल का होगा।
दमयंती ही होंगी सचिव
नए बोर्ड गठन के आदेश में सचिव पद पर श्रम सचिव को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन, देर शाम श्रम सचिव हरबंस सिंह चुघ ने बताया कि, नए बोर्ड गठन के आदेश में एक टंकण की त्रुटि रह गई। बोर्ड की सचिव अभी भी दमयंती रावत ही हैं। संशोधित आदेश जारी किया जा रहा है।
इनके स्थान पर नामित किए जाएंगे नए सदस्य
बोर्ड के मौजूदा नामित सदस्य विजय नागर, विपिन कोटनाला, मान सिंह जगवाण, शशि केष्टवाल, शैलेश गुसाईं के स्थान पर अब नए सदस्य नामित किए जाएंगे।
मुझे बोर्ड के नए सिरे से गठन की जानकारी नहीं है। मैं गढ़वाल के दौरे पर हूं। जल्द ही देहरादून लौटूंगा। मुख्यमंत्री से इस विषय पर बात करूंगा। इसके बाद ही कुछ कह पाऊंगा।
डॉ. हरक सिंह रावत, श्रम मंत्री