देहरादून:कुम्भ में पहली बार आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में न केवल भारत बल्कि विदेशों के सैंड आर्टिस्टों को आमंत्रित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के लिए मेला प्रशासन ने आस्था पथ के आगे का गंगा घाट फाइनल कर दिया है।
समुद्री तटों पर दिखने वाली सैंड आर्ट (रेत पर चित्रकारी) इस बार कुम्भ के दौरान हरिद्वार में गंगा तट पर देखने को मिल सकती है। मेला प्रशासन ने इसके लिए खाका तैयार कर लिया है।
साथ ही चार माह तक चलने वाले कुम्भ में इस बार अलग अलग थीम पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। आगामी कुम्भ में इन कलाकारों को न केवल आमंत्रित किया जाएगा बल्कि गंगा किनारे एक प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा जिसमें कई दिनों तक यह कलाकार अपनी कला को जीवंत रूप देंगे। इसके लिए आस्था पथ के सामने स्थित गंगा के उस किनारे को फाइनल किया गया है, जिसमें रेत मौजूद रहती है।
कुम्भ के अंत में इस प्रतियोगिता के नतीजे घोषित कर विजेताओं को पुरुस्कार वितरित किये जायेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों के रुकने की व्यवस्था मेला प्रशासन करेगा।
वहीं पहली बार 1 जनवरी से कुम्भ के अंतिम स्नान के दौरान देश विदेश के फोटोग्राफरों को भी फोटोग्राफी के लिए मेला प्रशासन आमंत्रित करने जा रहा है।
मेले के दौरान खींची गई बेहतरीन फोटो को मेला प्रशासन खरीदकर मेला संपत्ति बना सकता है जिसका प्रयोग मेला प्रशासन अपने हिसाब से करेगा। साथ ही सैंड आर्टिस्टों और फोटोग्राफर्स को एक मंच पर पुरुस्कृत किया जाएगा।