पौड़ी: ग्रामीण आबादी स्वामित्व अभिलेख वितरण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से संवाद करने वाले विकासखंड खिर्सू के गोदा गांव निवासी सुरेश चंद्र गोदियाल अब होम स्टे के क्षेत्र में रोजगार करना चाहते हैं।
सुरेश का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद कर उन्हें हौसला व खुशी मिली है। वह होम स्टे के क्षेत्र में काम कर अपने भविष्य को और संवारेंगे।
रविवार को ग्रामीण आबादी स्वामित्व अभिलेख वितरण कार्यक्रम के दौरान गोदा गांव निवासी सुरेश चंद्र गोदियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद किया।
सुरेश अपने गांव में पंडिताई का कार्य करते हैं। सुरेश ने बताया कि उनकी बेटी व एक बेटा है, दोनों ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। सुरेश ने बताया कि उनका प्रधानमंत्री से सीधा संवाद होगा इसकी जानकारी प्रशासन ने उन्हे बीते 28 सितंबर को दी थी। तब से वह काफी उत्साहित थे।
सुरेश ने बताया कि पहले अन्य किसी गांव के व्यक्ति का चयन प्रधानमंत्री से सीधे संवाद के लिए हुआ था। लेकिन ड्रोन कैमरे के सर्वे में गांव की लोकेशन सही नहीं आने पर उनके गांव का चयन किया गया। उनका गांव बेहद खूबसूरत है। गांव से सीधे संवाद के लिए उनका चयन हुआ।