आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने विकासनगर बाजार में आक्सीमीटर से जांच अभियान चलाया। कार्यकर्त्ताओं ने अभियान के तहत बाजार के व्यापारियों व यहां आने वाले ग्राहकों के आक्सीजन लेवल की जांच की। प्रदेश सरकार से आम जनता की सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर इस प्रकार के अभियान चलाने की मांग भी की।
विकासनगर विधानसभा इकाई के कार्यकर्त्ताओं ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों व ग्राहकों का आक्सीजन स्तर जांचा। अभियान का नेतृत्व कर रही आप की विधानसभा अध्यक्ष डिंपल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरह प्रदेश की सरकार को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इस प्रकार के जांच अभियान चलाने चाहिए। इस प्रकार के अभियान से क्षेत्र व प्रदेश में कोरोना के संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी।
कार्यकर्त्ताओं ने व्यापारियों व अन्य व्यक्तियों से अपने व अपने परिवार के बचाव के लिए मास्क, सेनिटाइजर का प्रयोग करते रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी ही एक मात्र उपाय है। इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। अभियान में विधानसभा के सह प्रभारी गुल्फाम अहमद, मनोज चौधरी, मीनू पाल, सीमा पाल, मधु सजवाण, उर्मिला, सोमबाला, विरेंद्र, प्रेमलता, सुमन, अर्चना, मंजू आदि शामिल रहे।
थाना सहसपुर क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह पीड़िता के घर पहुंचे, लेकिन वहां पर ताला लगा मिलने पर थाने जाकर पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 24 घंटे में पुलिस इस मामले में कार्रवाई करे, नहीं तो कांग्रेस आंदोलन की राह अख्तियार करेगी।
सहसपुर थाने आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा शासन में दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि सहसपुर क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आ गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में जब चुनाव हुए थे तो भाजपा ने सुशासन का वादा किया था।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जहां पर बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं है उसे सुशासन कैसे कहेंगे। कहा कि भाजपा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा मात्र एक ढकोसला है।
जब से देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, बेरोजगारी चरम पर है, किसानों की दुर्दशा बढ़ गई है। महंगाई के आसमान छूने से आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने त्रिवेंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार पिंजरे में कैद है। कोरोना काल में सीएम बाहर ही नहीं निकल रहे हैं।
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था के चलते बहन-बेटियां अपने आपको बेहद असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
पुलिस से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पछवादून अध्यक्ष संजय किशोर आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।