अयोध्या राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। रामनगरी में बाजार से आवासीय कॉलोनी तक सभी जगहों को सैनिटाइज किया जा रहा है। अयोध्या में पीएम मोदी के दौरे को लेकर प्रशासन तमाम प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है। सबसे पहला प्रोटोकॉल कोरोना वायरस को लेकर है, जिस पर प्रशासन का पूरा फोकस है। डीआईजी दीपक कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर तमाम एजेंसियों के साथ बैठक हुई है। सुरक्षा बंदोबस्त के सभी मानक पूरे किए जा रहे हैं। कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर अयोध्या में 5 अगस्त को एक साथ एक जगह 5 लोगों से ज्यादा को जुटने नहीं दिया जाएगा।
आपको बता दें कि पांच अगस्त को राम मंदिर का भूमि पूजन होना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। इसको सुरक्षा व्यवस्था चौकस की जा रही है। पीएम मोदी एसपीजी अयोध्या पहुंच चुकी है। एसपीजी सुरक्षा का खाका खींच रही है। रामजन्मभूमि परिसर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए कोविड हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। इस काउंटर पर स्वास्थ्य कर्मी की ड्यूटी के साथ थर्मल स्कैनर, थर्मामीटर, पल्स-आक्सीमीटर रखवाया गया है। इसके साथ ही एवीमेक्टिन टेबलेट भी रखवाया जा रहा है।
बताया गया कि यह टेबलेट एण्टी वायरल है जो कि इंफेक्शन को दूर करने के लिए है। बताया गया कि पांच अगस्त के भूमि पूजन में आने वाले आगंतुकों की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ उनके पल्स व आक्सीजन लेविल की भी जांच होगी। इसके अलावा जरुरत के लिहाज से एण्टी वायरल टेबलेट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले अलग-अलग टीम पूरे राम जन्मभूमि परिसर को सैनिटाइज भी कर रही है।
वहीं ऐहतियात के तौर पर जो व्यवस्था की गई है उसके मद्देनजर तीन अगस्त के बाद अयोध्या में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यही वजह है कि अभी से सभी बैरियर, मोर्चों व बार्डर चौकियों पर पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। बाहरी वाहनों व रोडवेज बसों की भी चेकिंग की जा रही है। यात्रियों के परिचय पत्र भी देखे जा रहे हैं। सख्ती का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अयोध्या सिटी सर्किल में भी प्रवेश करने वालों की जांच अभी से हो रही है।