एएमयू में इंजीनियरिंग विभाग के बाहर प्रतीक के रूप में खड़े फाइटर प्लेन को बेचने के लिए किसी ने सोमवार को ओएलएक्स पर विज्ञापन डाल दिया। इसकी जानकारी होते ही इंतजामिया ने मामले की जांच शुरू करा दी। हालांकि कुछ देर बाद विज्ञापन हटा लिया गया।
विवि में इंडियन एयर फोर्स के प्रतीक के रूप में 2009 से खड़े एक फाइटर प्लेन को किसी ने ओएलएक्स की साइट पर बेचने का विज्ञापन दे दिया। इसकी कीमत 9,99,99,999 रुपए रखी। ओएलएक्स साइट पर इस प्लेन को बेचने का विज्ञापन सोमवार को ही पोस्ट किया गया था। लेकिन मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर आते ही ऐसा करने वाले ने विज्ञापन डिलीट कर दिया।
बता दें कि इंडियन एयरफोर्स ने एएमयू को 2009 में माइको यान मिग-23 बीएन फाइटर एयरप्लेन गिफ्ट किया था। लगभग 28 साल तक यह इंडियन एयरफोर्स में रहने के बाद इस प्लेन को रिटायरर्ड किया गया। इसको एएमयू के इंजीनियरिंग विभाग के बाहर एक प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया था।
किसी ने ओएलएक्स पर हमारे इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने खड़े प्लेन के लिए विज्ञापन डाला है। विज्ञापन पूरी तरह फर्जी है, जिसका एएमयू से कोई लेना देना नहीं है। विज्ञापन ओएलएक्स पर अब शो नहीं कर रहा है। पता लगाया जा रहा है कि ये विज्ञापन किसने डाला था। –मोहम्मद वसीम अली, प्रॉक्टर, एएमयू