1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी:हिस्‍ट्रीशीटर के भांजे ने कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को दी धमकी, बोला-एनकाउंटर कर दूंगा

यूपी:हिस्‍ट्रीशीटर के भांजे ने कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को दी धमकी, बोला-एनकाउंटर कर दूंगा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
यूपी:हिस्‍ट्रीशीटर के भांजे ने कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को दी धमकी, बोला-एनकाउंटर कर दूंगा

यूपी के कैबिनेट मं‍त्री राजेन्‍द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह को एक हिस्‍ट्रीशीटर के भांजे ने जान से मारने की धमकी दी है। खुलेआम भीड़ के सामने उसने धमकी दी कि अगर उसके मामा को कुछ हुआ तो वह उनका एनकाउंटर कर देगा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी चंदन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

आरोपी चंदन यादव प्रतापगढ़ के टॉप टेन अपराधी सभापति यादव का भांजा बताया जाता है। सभापति यादव की पत्‍नी देवसरा की ब्‍लॉक प्रमुख है। मिली जानकारी के अनुसार करीब एक महीने पहले देवसरा ब्‍लॉक के बींद गांव में सभापति यादव अपने कई समर्थकों के साथ इक्‍ट्ठा हुआ था। पुलिस ने उसे टोका तो वह भिड़ गया। फिर फायर करते हुए भागने लगा। उस घटना में पुलिस ने सभापति के दो समर्थकों को असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सभापति, उसके भाई और जिला पंचायत सदस्य सुभाष यादव समेत 20-25 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

इसके बाद से सभापति फरार चल रहा है। पुलिस को उसकी तलाश है। सभापति और उसके भाई पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है। इधर, सभापति के भांजे ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए भीड़ के सामने खुलेआम कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को जान से मारने की धमकी दे डाली। उसने कहा कि यदि उसके मामा को कुछ हुआ तो वह एनकाउंटर कर देगा। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने चंदन के खिलाफ आसपुर देवसरा थाने में आईटी एक्ट, धमकी देने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...