श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज 40 किलोग्राम वजन की चांदी की श्रीराम शिला को लेकर छोटी छावनी से निकल चुके हैं। वह चांदी की यह शिला मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन के लिए समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चांदी की यह शिला वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रखेंगे।
प्रधानमंत्री थोड़ी देर में अयोध्या पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साकेत महाविद्यालय पहुंच चुके हैं जहां वह प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।राममंदिर भूमिपूजन के ऐतिहासिक मौके पर पीएम के स्वागत के लिए अयोध्या में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई थीं लेकिन कोरोना के चलते इसमें काफी बदलाव कर दिया गया है। अब पीएम का स्वागत शंखनाद से होगा लेकिन न तो उन्हें तिलक लगाया जाएगा, न ही साफा बांधा जाएगा। प्रधानमंत्री 11:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। सबसे पहले वह हनुमान गढ़ी में दर्शन करने जाएंगे। वहां करीब तीन मिनट पूजा-अर्चना के बाद वह राम मंदिर के भूमिपूजन के लिए जाएंगे।