पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के मद्देनजर सोमवार को गोरक्षपीठ के गोरखनाथ मंदिर के रामदरबार में 48 घंटे का अखण्ड रामचरित मानस पाठ शुरू हो गया। मंगलवार को बेतियाहाता स्थिम मंगला देवी मंदिर और अधियारीबाग स्थित मानसरोवर मंदिर में भी 24 घंटे का अखण्ड रामचरित मानस पाठ शुरू हो जाएगा। गोरखनाथ मंदिर समेत तीनों मंदिरों को इलेक्ट्रिक लड़ियों से सजाया जा रहा है। मंगलवार की शाम से तीनों मंदिरों में दीपोत्सव भी शुरू हो जाएगा।
गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार सोमवार की सुबह 10 बजे गोरखनाथ मंदिर के रामदरबार में श्री रामचरित मानस का अखण्ड पाठ शुरू हो गया। 48 घंटे का यह पाठ पांच अगस्त को अपराह्न 2 बजे तक चलेगा। पहले दिन रामचरित मानस का पाठ करने के लिए गौतम पाठक, ओपी दुबे, दर्शन श्रीवास्तव एवं नौरंग बैठे। मंदिर के सचिव द्वारिका तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मददेनजर सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान रखते हुए पाठ में ज्यादा लोगों को शामिल होने की इजाजत नहीं है। लोग बदल बदल कर पाठ में शामिल होंगे।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि गोरक्षपीठ द्वारा संचालित बेतियाहाता के मंगला देवी मंदिर और अधियारी बाग के मानसरोवर मंदिर में भी मंगलवार की सुबह से रामचरित मानस का अखंड पाठ शुरू होगा। यह पाठ पांच अगस्त की दोपहर तक चलेगा। इसके सभी मंदिरों को झालरों से सजाया जा रहा है। मंदिर में उत्सव का माहौल है। मंदिर सचिव द्वारिका तिवारी कहते हैं कि मंगलवार की शाम से दीपोत्सव शुरू हो जाएगा। बुधवार को दीपावली सा माहौल होगा। रामधुन के बीच परिसर में मौजूद सभी देवताओं के दरबार में दीप जलाए जाएंगे।