मवाना रोड पर सलारपुर गांव के पास रविवार तड़के दर्दनाक हादसे में ट्रक से कुचलकर एक छात्र की मौत हो गई। उसके तीन साथी हादसे में घायल हो गए। चारों छात्र सुबह दौड़ लगा रहे थे।
इंचौली क्षेत्र के बहचौला गांव निवासी 19 वर्षीय मनीष रविवार सुबह करीब पांच बजे गांव के तीन अन्य युवकों के साथ मवाना रोड पर दौड़ लगा रहा था। चारों युवक दौड़ लगाते हुए मेरठ की ओर आ रहे थे। सलारपुर स्थित नर्सरी के पास वह पहुंचे ही थे कि पीछे से आए ट्रक ने चारों छात्रों को चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवकों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। मनीष मेरठ कॉलेज से बीए कर रहा था। साथ ही वह दिल्ली पुलिस की तैयारी कर रहा था। उसके पिता खेमचंद होमगार्ड हैं।