1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर के सौदा को लेकर मां की हत्या करने वाले बेटे को जेल, कोतवाली में मां की हत्या की बात कुबूल कर मचाई थी सनसनी

घर के सौदा को लेकर मां की हत्या करने वाले बेटे को जेल, कोतवाली में मां की हत्या की बात कुबूल कर मचाई थी सनसनी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
घर के सौदा को लेकर मां की हत्या करने वाले बेटे को जेल, कोतवाली में मां की हत्या की बात कुबूल कर मचाई थी सनसनी

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र के पिपरा काजी गांव में घर के सौदा को लेकर उपजे बवाल में बुजुर्ग मां सलहंता देवी की हत्या करने वाले अधेड़ उम्र के इकलौते बेटे रामदरश चौधरी ने शनिवार की देर रात अंतत: अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस मामले में निचलौल पुलिस ने गांव के चौकीदार की तहरीर पर मां के हत्यारोपित बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर रविवार को उसको जेल भेज दिया।

रामदरश ने शनिवार को सदर कोतवाली में समर्पण करते हुए अपनी मां को मौत के घाट उतारने का बयान देकर सनसनी मचा दी थी। कोतवाली पुलिस ने निचलौल पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। जांच में बेटे का कबूलनामा सच मिला। इसके बाद निचलौल पुलिस कोतवाली आकर रामदरश को अपने साथ ले गई। लेकिन निचलौल थाने पर जाने के बाद रामदरश अपने बयान से मुकरने लगा। कड़ाई से पूछताछ के बाद रात को अंतत: उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। लेकिन तहरीर की अड़चन फंस गई। इस मामले में रामदरश के खिलाफ न तो पास-पड़ोस के लोग तहरीर देने को तैयार हुए और न ही रिश्तेदार। सलहंता देवी की बेटियां भी तहरीर देने से इनकार कर दीं।

घटना के समय पत्नी थी मायके, बड़ा बेटा भी बाहर 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार की शाम को रामदरश घर पहुंचा था। शाम सात बजे उसकी मां सलहंता देवी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय रामदरश की पत्नी घर में नहीं थी। वह अपने मायके नेपाल गई थी। बड़ा बेटा बाहर कमाने गया है। छोटे बच्चे घर पर ही थे। विवाद के दौरान उसने 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को पीट दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। वहीं उसकी मौत हो गई। मौत के बाद शव को घर में ही रखे रहा। शनिवार की भोर तीन बजे अकेले शव को साइकिल से गांव के पश्चिम पोखरे पर ले गया। घर से जलौनी की लकड़ी भी ले गया। उसी से शव का दाह संस्कार कर दिया।

चौकीदार की तहरीर पर दर्ज हुआ केस 

पिपरा काजी गांव में बुजुर्ग की मां को मौत के घाट उतारने वाले इकलौते बेटे के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दे रहा था। निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया गांव के चौकीदार ब्रह्मा गौड़ की तहरीर पर रामदरश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 304 व साक्ष्य मिटाने की धारा 201 भादवि के तहत शनिवार की देर रात केस दर्ज किया गया। रविवार को रामदरश का मेडिकल परीक्षण व कोविड टेस्ट कराने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...