1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कुशीनगर में हादसा: बेकाबू पिकअप ने तीन लड़कों को रौंदा, गुस्‍साई भीड़ ने सड़क पर लगाया जाम

कुशीनगर में हादसा: बेकाबू पिकअप ने तीन लड़कों को रौंदा, गुस्‍साई भीड़ ने सड़क पर लगाया जाम

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कुशीनगर में हादसा: बेकाबू पिकअप ने तीन लड़कों को रौंदा, गुस्‍साई भीड़ ने सड़क पर लगाया जाम

कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कठकुइया टोला कटहरी में रात 1 बजे सड़क पर टहल रहे तीन  युवकों को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होने पर रविवार को सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर पडरौना तमकुही मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने फरार पिकअप चालक पर कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खत्म कराया।

ग्रामीणों के अनुसार रात करीब एक बजे कस्बे में लाइट नहीं होने के चलते कठकुइयां के कटहरी टोला निवासी  दिनेश (25), पिंटू (25), विक्रम (24) घर से बाहर निकल कर सड़क पर टहल रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने तीनों को कुचल दिया और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। रात होने के चलते गांव के लोगों को घटना की जानकारी देर से मिली। रात में ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने तीनों को पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश को देखते ही मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

सुबह करीब 7 बजे बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने शव रखकर पडरौना तमकुही मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण पिकअप चालक को तत्काल गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कुबेरस्थान पुलिस ने एक घंटे बाद जाम खत्म करा दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पिकअप चालक के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीण मृतक के परिजनों को अहेतुक सहायता दिलाने की भी मांग कर रहे थे। प्रशासन को इससे अवगत करा दिया गया है।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...