जौनपुर : सिरकोनी क्षेत्र के हौज गांव में स्थित जल निगम की टंकी से पेयजल सप्लाई बीते चार माह से बंद चल रहा है। जिम्मेदार लोग शांत होकर बैठे है। इसके पीछे का कारण जो सामने आया वह यह है कि लखनऊ वाराणसी राजमार्ग पर बन रहे सड़क निर्माण में जल निगम की पाइप टूट गई है। पानी सड़क तथा खेतों में बह रहा है।
हौज ग्राम पंचायत में जमीन के अंदर पानी अत्यधिक खारा है। जल निगम की सप्लाई के अलावा गांव वालो के पास दूसरा विकल्प नहीं है। पेयजल की आपूर्ति के लिए गांव के ग्रामीण, महिला तथा बच्चे साइकिल, ठेला तथा सर पर पड़ोसी गांव से पानी ढोकर ला रहे हैं। शनिवार को जल निगम विभाग के खिलाफ डब्बा बल्टी लेकर गांव वालों ने प्रदर्शन किया। तथा आने वाले 17 सितंबर को गांव में शहीद मेले के दिन जल निगम विभाग की घोर लापरवाही से आक्रोशित गांव वाले अपनी मांग को लेकर जिलाधिकारी का घेराव करने की बात कही।पेयजल आपूर्ति के लिए सिरकोनी ब्लाक परिसर में जल निगम की टंकी से पानी की सप्लाई दी जाती है। बीते चार माह से हौज पोखरा, हौज पाही, हौज खास, हौज शिवाला, हौज गिरी बस्ती के लगभग 400 परिवार पानी के लिए परेशान है। दिन भर पानी के लिए पड़ोसी गांव से पानी ढोकर लाने का चक्कर लगा रहे हैं। गांव वालों में आक्रोश व्याप्त है। कई बार शिकायत के बावजूद भी जल निगम की पाइप का मरम्मत नहीं किया गया है।
पेयजल आपूर्ति के लिए मात्र एक विकल्प होने की वजह से गांव वालों को अक्सर पानी की जरूरत के लिए लड़ाई लड़नी पड़ती है। विगत वर्षों पेयजल आपूर्ति के लिए लगाई गई जल निगम की पाइप से गांव तक पानी नहीं पहुंच पाता था। गांव वालों ने लंबी लड़ाई लड़ी थी। गांव में स्थित शहीद स्मारक पर धरना किया था। मामले में विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने इस समस्या के निवारण की बात से हटकर, अपनी पीड़ा सुना कर पल्ला झाड़ लिया। गांव निवासी प्रदीप गिरी, संदीप गिरी, प्रमोद गिरी, अजय कुमार, प्रशांत कुमार, गणेश गिरी, भागवत गिरी,आदि ने जिलाधिकारी का घेराव की बात कही है।
विभाग के जेई राजू रंजन गुप्ता ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में ही नहीं है। गांव का नाम बता कर समस्या की जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा कि कहीं कोई खराबी नहीं है, हर जगह सप्लाई चल रही है।जल निगम की सप्लाई चलाने वाले पंप आपरेटर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जब से उक्त गांव की पानी सप्लाई चार माह से प्रभावित है।