1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हरदोई में कार पलटने से आईटीबीपी के चार जवान घायल, देहरादून से कानपुर जाते समय हुआ हादसा

हरदोई में कार पलटने से आईटीबीपी के चार जवान घायल, देहरादून से कानपुर जाते समय हुआ हादसा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
हरदोई में कार पलटने से आईटीबीपी के चार जवान घायल, देहरादून से कानपुर जाते समय हुआ हादसा

मल्लावां कोतवाली इलाके में गौरी चौराहा के निकट एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। कार सवार आइटीबीपी के चार जवान व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां से उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ।

32 वीं बटालियन तिब्बत पुलिस के जवान देहरादून से कानपुर ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर शाहपुर गंगा गांव के पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायल जवानों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। यहां इलाज में लापरवाही पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया।

तिब्बत बटालियन के चार जवान देहरादून के प्रदुम कुमार, पौड़ी गढ़वाल के प्रताप सिंह व प्रमोद सिंह, चंबा गोंग के रमेश मिश्रा शुक्रवार की शाम को कार से कानपुर के लिए निकले थे। शनिवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे यह लोग मल्लावां कस्बा क्रॉस कर कटरा बिल्हौर हाईवे पर गौरी चौराहे के पास पहुंचे तभी चालक अजय तिवारी को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराती हुई गहरी खंती में जा गिरी। इस हादसे में सभी लोग घायल हो गए।

ग्रामीणों व पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की। एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन एंबुलेंस काफी देर बाद भी नहीं पहुंची, कुछ देर बाद पीआरबी के सिपाही मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका और फिर एंबुलेंस को सूचना देकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां जवानों को एंबुलेंस में शिफ्ट करने के लिए स्वास्थ्यकर्मी उदासीन दिखे तो डायल 112 के सिपाही और ग्रामीणों ने जवानों को एंबुलेंस में शिफ्ट किया।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...