1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मददगार बनेगा हेल्पलाइन नंबर

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मददगार बनेगा हेल्पलाइन नंबर

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मददगार बनेगा हेल्पलाइन नंबर

कोरोना काल का असर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) पर भी पड़ा है। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण पात्रों तक लाभ पहुंचने में विलंब होता है। अब ऐसा करने वालों की शामत आएगी। मनमानी पर अंकुश लगेगा। लाभार्थियों को आ रहीं समस्याओं के समाधान के लिए शासन ने हेल्पलाइन नम्बर 7998799804 जारी किया है।

जिला समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक (डीसीपीएम) शिव कुमार सिंह ने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए यह नम्बर जारी किया गया है। लाभार्थी इस नम्बर पर काल करके योजना के आवेदन और भुगतान सम्बन्धी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। इस नम्बर पर काल करने पर और बताये गए निर्देशों का पालन करने पर पीएमएमवीवाई के प्रतिनिधि स्वयं ही लाभार्थियों को काल करेंगे। उनकी समस्याओं को सुनेंगे। नियमानुसार समाधान करेंगे। जिले में अभी तक कुल 71,251 गर्भवती महिलाओं ने इस योजना का लाभ उठाया है।

शिव कुमार सिंह ने बताया कि योजना के बारे में पीएमएमवीवाई का कोई भी प्रतिनिधि वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) नहीं पूछता है। न ही एकाउंट नंबर का कोड मांगा जाता है। इसलिए सतर्क रहें। इस तरह की जानकारी कोई व्यक्ति मांगता है तो उसे कतई न दें। फौरन हेल्पलाइन नंबर की मदद लें।

क्या है पीएमएमवीवाई

पहली बार गर्भवती होने वाली महिला को तीन किश्तों में 5,000 रूपये दिये जाते हैं। इसके लिए पंजीकरण कराना पड़ता है। रजिस्ट्रेशन होते ही लाभार्थी को 1,000 रूपये की पहली किश्त सीधे उसके खाते में जाती है। दूसरी किश्त 2,000 रूपये की प्रसव पूर्व पहली जांच होने पर और 2000 रूपये की तीसरी किश्त बच्चे के जन्म के बाद टीकाकरण का पहला चक्र पूरा होने के बाद दी जाती है। यह सभी भुगतान लाभार्थी के बैंक के खाते में सीधे किये जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग इस योजना को साकार करने की जिम्मेदारी निभा रहा है।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...