उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी अनुष्ठानों में कोविड-19 के प्रोटोकाॅल तथा सोशल डिस्टेसिंग का पूर्ण पालन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां जारी बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था का एक प्रमुख पर्व है। इस पर्व में आत्मिक शुद्धि और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य की उपासना की जाती है।
हमारे देश में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की समृद्ध परम्परा व संस्कृति है। प्रकृति के साथ मानव के जुड़ाव का सन्देश देने वाला छठ पर्व इसी समृद्ध परम्परा का जीवन्त उदाहरण है।
एक सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के साथ ही महिलाओं को यह पर्व घर पर मनाने के संबंध में प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा घाटों के किनारे पारंपरिक स्थानों पर अर्घ्य दिए जाने के समुचित प्रबंध किए जाने के साथ ही पानी के बहाव के समुचित प्रबंध किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। गौरतलब हो कि बुधवार से ‘नहाय-खाय’ के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो गई हैं।