थाना क्षेत्र के केरायगांव निवासी गैंगेस्टर में निरुद्ध पशु तस्कर कल्लू खां के खिलाफ शुक्रवार को कुर्की की कार्रवाई की गई। डीएम के निर्देश पर एसडीएम चकिया अजय मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस टीम ने पहुंचकर आरोपित कल्लू खां की ढ़ाई बिस्वा जमीन व मकान काे कुर्क कर सरकारी बोर्ड लग दिया। कुर्की की कार्रवाई से आरोपित के परिजनों में खलबली मची है। केरायगांव निवासी कल्लू खां को पुलिस ने पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। आरोपित पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई थी। डीएम नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर शुक्रवार को पशु तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्ति की कुर्की की गई। एसडीएम अजय मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पहले डुगडुगी बजाकर मुनादी की। आरोपित के मकान के अलावा ढाई बिस्वा जमीन को कुर्क कर सरकारी बोर्ड लगा दिया गया। एसडीएम अजय मिश्रा ने बताया कि पशु तस्कर कल्लू खां पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई हुई थी। उनकी गैर कानूनी ढंग से अर्जित कर बनाई गई संपत्ति को कुर्क किया गया है। इस मौके पर थाना प्रभारी अवनीश राय, एसआई बाबूराम यादव, कांस्टेबल बृजराज यादव, लेखपाल रविशंकर राय आदि उपस्थित रहे।