स्वाट टीम और थाना औरंगाबाद पुलिस की शनिवार देर रात बाइक सवार बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी और 25 हजारी बदमाश घायल हो गया।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात स्वाट टीम व थाना औरंगाबाद पुलिस चेकिंग पर थी। मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से अपने साथियों से मिलने पीपला नहर की तरफ आ रहा है। प्रभारी स्वाट टीम एवं प्रभारी निरीक्षक थाना औरंगाबाद मय फोर्स पीपाला नहर स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर पहुंच गए। कुछ देर बाद लखावटी की तरफ से बाइक सवार आता नजर आया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाश पीछे मुड़कर नहर पटरी पर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। सिपाही मनीष शर्मा गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में बदमाश को भी गोली लगी। बदमाश की पहचान मनीष उर्फ ऐंडा निवासी हड्डी गोदाम चौकी नई मंडी थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। एसएसपी ने बताया कि बदमाश द्वारा पूर्व में बुलंदशहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लूट, चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।