1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. महिला डॉक्टर ने किया खुदकुशी का प्रयास, हालत गंभीर

महिला डॉक्टर ने किया खुदकुशी का प्रयास, हालत गंभीर

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
महिला डॉक्टर ने किया खुदकुशी का प्रयास, हालत गंभीर

शहर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक परिवार की पुत्रवधु और एनेस्थिसिया स्पेशलिस्ट डाक्टर ने सोमवार शाम अपने फ्लैट में खुदकुशी का प्रयास किया। महिला चिकित्सक को पति ने फंदे से उतारा और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल आत्महत्या का कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।  

प्रतापपुरा निवासी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एससी अग्रवाल के छोटे बेटे डा. सुमित अग्रवाल अपनी पत्नी डा. दीप्ति अग्रवाल और दो वर्षीय बेटी इनाया के साथ विभव नगर (ताजगंज) स्थित मयूरी अपार्टमेंट में रहते हैं। डॉ. सुमित अग्रवाल शाम करीब छह बजे अपने घर पहुंचे थे। नौकरानी से पत्नी डॉ. दीप्ति के बारे में पूछा। उसने कमरे में होने की जानकारी दी। डॉ. सुमित ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और पत्नी को आवाज दीं। जब दरवाजा न खुला तो उन्होंने तोड़ दिया। अंदर पत्नी को फंदे पर लटके देख उनके होश उड़ गए। डा. दीप्ति को नीचे उतारकर प्रतापपुरा स्थित अपने नर्सिंग होम ले आए। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर ताजगंज पुलिस नर्सिंग होम पहुंच गई थी। डॉ. दीप्ति के मायके भी सूचना दे दी गई थी।

सवाल:आत्मघाती कदम क्यों उठाया?
पुलिस के मुताबिक, डॉ. सुमित एक केस के सिलसिले में अपने पिता के नर्सिंग होम आए थे। शाम को घर पहुंचे तो वाकया हुआ। आनन-फानन में पत्नी को फंदे से उतारकर मुंह से ऑक्सीजन दी। हार्ट पंप किया। परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर ताजगंज नरेंद्र सिंह ने बताया कि डॉ. दीप्ति ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया? इस सवाल का फिलहाल पुलिस तलाश रही है।
वजह जानने को फ्लैट खंगालेंगे
डॉ. दीप्ति अग्रवाल के इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे फिलहाल पुलिस को कोई खास वजह नजर नहीं आ रही है। पुलिस अब उस फ्लैट में छानबीन करेगी, जहां डॉ. दीप्ति ने आत्मघाती कदम उठाया। शायद ऐसा करने से पहले उन्होंने कोई नोट लिखा हो। या फिर कोई ऐसा क्लू भी वहां मिल सकता है, जिससे घटना पर प्रकाश पड़े। फ्लैट अभी बंद है।
पुलिस जोड़ रही है कड़ियां
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस को कुछ सवाल परेशान कर रहे हैं। पुलिस कह रही है कि कोई भी व्यक्ति इतना बड़ा कदम बिना किसी वजह के नहीं उठा सकता। डा. सुमित और डा. दीप्ति परिवार से अलग रहने के लिए क्यों गए? क्या परिवार में ऐसा कोई विवाद था जिससे वह अलग रहने गए? फिलहाल परिजन इस हाल में नहीं हैं कि उनसे ज्यादा सवाल-जवाब किए जाएं। डॉ. दीप्ति स्वस्थ होने के बाद खुद बता देंगी कि ऐसा क्यों किया था।
छह वर्ष पहले हुई थी शादी
डॉ. सुमित अग्रवाल की शादी डॉ. दीप्ति के साथ 03 नवंबर 2014 को हुई थी। दोनों के दो वर्षीय बेटी है। पारिवारिक कारणों से पति-पत्नी परिवार से अलग मयूर अपार्टमेंट में रहते हैं। जबकि डॉ. सुमित के बड़े भाई और भाभी माता-पिता के साथ पुराने आवास में रहते हैं। डॉ. दीप्ति का मायका कोसीकलां, मथुरा में है। उनके पिता भी डॉक्टर हैं।
दोपहर डेढ़ बजे गई थीं नर्सिंग होम  
पुलिस के अनुसार, डॉ. दीप्ति दोपहर तक ठीक थीं। वह एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के नर्सिंग होम में गई थीं। एक मरीज का ऑपरेशन होना था। उन्होंने उसे बेहोश करने के लिए दवा भी दी थी। उस ऑपरेशन के दौरान जो लोग कक्ष में मौजूद थे, किसी को नहीं लगा कि वह तनाव में हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...