रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को योगी सरकार यूपी लाने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें कि इस मामले में बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। इस दौरान योगी सरकार की तरफ से सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अपनी दलीलें रखीं। जिसके बाद मुख्तार की तरह से मुकुल रोहतगी ने पक्ष रखा।
आपको बता दें कि मुख्तार की तरफ से रोहतगी ने अंसारी को छोटा आदमी बताते हुए कहा कि यूपी सरकार जानबूझकर उसे परेशान कर रही है। जिसके बाद सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि ये इतने छोटे आदमी हैं जिनको बचाने के लिए पूरी पंजाब सरकार बेशर्मी से इनके पीछे खड़ी है। दोनो वकीलों के बीचचल रहे बहस में मुकुल रोहतगी ने कहा कि अगर मैं “मुख्तार” इतना ताकतवर हूं तो मुझे सीएम बना दो। सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई दो मार्च तक टाल दी है।
आपको बता दें कि योगी सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में लिखित दलील दाखिल करते हुए कहा कि सरकार मुख्तार की सुरक्षा और उसके स्वास्थ्य को लेकर प्रतिबद्ध है। आगे उन्होने कहा सुप्रीम कोर्ट अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर मुख्तार को वापस उत्तर प्रदेश भेजे।
सरकार की तरफ से कहा गया है कि मोहाली में दर्ज केस भी प्रयागराज ट्रांसफर किया जाए। इसका उन्होने कारण बताया कि मुख्तार अंसारी पर प्रयागराज के MP/MLA कोर्ट में जघन्य अपराध के 10 केस दर्ज हैं। सरकार की तरफ से कहा गया बांदा जेल सुपरिटेंडेंट ने बिना MP/MLA कोर्ट की अनुमति पंजाब पुलिस को सौंपा था। उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक मुख्तार अंसारी के खिलाफ कई बार पेशी वारंट जारी हुआ, रोपड़ जेल अधिकारी अंसारी को बीमार बताते रहे।
यूपी सरकार ने आरोप लगाते हुए कहा मोहाली मामले में 2 साल से चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है लेकिन फिर भी अंसारी वहां ज़मानत नहीं मांग रहा है। इसमें मिलीभगत साफ दिख रही है। सरकार ने आगे कहा कि मुख्तार अंसारी जिस माफिया ब्रजेश सिंह से खतरा बता रहे हैं वो ब्रजेश सिंह पिछले दस साल से यूपी की जेल में बंद है। हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर और हार्डकोर अपराधी मुख्तार अंसारी के दुश्मन होना लाजमी है।
आपको बता दें कि मुख्तार अंसारी मऊ से बहुजन समाज पार्टी के विधायक हैं। मुख्तार अंसारी पर यूपी में गंभीर मामले में दर्ज हैं। दो साल पहले उन्हें एक आपराधिक मामले में पंजाब लाया गया था, तब से वह यहां जेल में बंद हैं। मुख्तार लगातार यूपी में पेशी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।