उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद प्रदेश की सियासत पूरी तरह से गरमाती हुई नजर आ रही है। जहां पहले समाजवादी पार्टी ने सीएम योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा तो वहीं, अब बीजेपी के ही पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए सीएम योगी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि रंजीत बच्चन की लखनऊ में दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी यह अत्यंत निंदनीय है।
शरद त्रिपाठी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘कमलेश तिवारी जी के बाद आज जिस तरह हिन्दू महासभा के अध्यक्ष रणजीत बच्चन जी की लखनऊ में दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी, वह अत्यंत निंदनीय है। मेरी व्यक्तिगत सोच यही है कि कुछ चंद ‘माननीयों’ को दिल्ली में प्रचार करने के बजाए अपने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर मंथन करना चाहिए। एक भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता होने के नाते आप सब भी यह प्रण लें कि सही को सही और ग़लत को गलत कहने की हिम्मत रखें और अटल जी के मर्गदर्शन पर चलें।
बताते चले कि, इन दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार कर रहे हैं। लेकिन अब इस तरह से अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या होने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बच्चन (40) हजरतगंज क्षेत्र में सुबह सैर के लिए निकले थे, तभी अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में पारिवारिक रंजिश का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बच्चन समाजवादी पार्टी से जुड़े थे और वह अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष भी थे।