सासाराम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री लोगों से संवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में बड़े स्तर पर मंच तैयार किया गया है। यहां सहयोग शिविर के साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं। इन स्टॉल के जरिए राज्य सरकार की योजनाओं और उनके लाभ से लोगों को अवगत कराया जाएगा। खास तौर पर जीविका दीदियों से जुड़ी गतिविधियों और योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने सासाराम दौरे के दौरान 550 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 176 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं के जरिए जिले में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योजनाओं से जुड़ी प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा भी ले सकते हैं।

मुख्य कार्यक्रम पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर और बेदा बस स्टैंड के आसपास आयोजित किए जाने हैं। जिला प्रशासन की ओर से दोनों स्थानों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, मंच, स्टॉल, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पीएम श्री विद्यालय में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के नोडल अधिकारी एवं जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और कार्यक्रम को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संपन्न कराया जा सके।