पन्ना जिले में जेके सीमेंट की ओर से सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कंपनी के संस्थापक एवं पूर्व एमडी स्व. श्री यदुपति सिंघानिया की जयंती के अवसर पर आयोजित पहल के तहत कौशल विकास, युवा उद्यमिता और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया।
पहल के तहत अब तक 350 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को ब्यूटीशियन और सिलाई जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए जरूरी कौशल उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कई महिलाओं ने अपने स्तर पर काम शुरू किया है। इसी क्रम में सुधा कुशवाहा, पत्नी शिव कुमार, ने अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। इसे कौशल प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

युवा वर्ग को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ाने के उद्देश्य से कंपनी के एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इनिशिएटिव के तहत 88 युवाओं को मेंटरशिप प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने से जुड़े जरूरी मार्गदर्शन दिए गए। कंपनी के अनुसार, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त करने वाले युवा अब अपने-अपने व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
सामाजिक पहल के तहत अमनगंज और सिमरिया अस्पतालों में भी सेवा कार्य किए गए। अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वास्थ्य लाभ के लिए ताजे फलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही नवजात शिशुओं और माताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में मैटर्नल किट और बेबी किट भी वितरित की गईं।
जेके सीमेंट की ओर से बताया गया कि इन सामाजिक कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को कौशल, उद्यमिता और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। कंपनी का कहना है कि स्व. श्री यदुपति सिंघानिया की सोच के अनुरूप लोगों को शिक्षित, हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखे जाएंगे।